सहारनपुर। 15 करोड़ रुपये की लागत से चार ई-सुविधा केंद्र/जोनल ऑफिस बन रहे हैं, जिनमें से दो का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि दो के निर्माण का कार्य अंतिम दौर में है। मार्च 2024 तक इनको पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जोनल ऑफिस में नागरिकों को ई-सुविधाएं दी जाएंगी, जिनमें वह बिल आदि जमा करा सकेंगे। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं रहेंगी। इनके अलावा मीटिंग हॉल भी रहेगा, जिसमें बैठकें आदि हुआ करेंगी।
मुख्य जोनल ऑफिस नगर निगम परिसर में बन रहा है, जो चार मंजिला है। इसका निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। चार दिन पहले स्मार्ट सिटी सहारनपुर के सीईओ/नगरायुक्त संजय चौहान ने इसका निरीक्षण करते हुए एक माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। उसके बाद से कार्य और गति से किया जा रहा है। मुख्य जोनल ऑफिस ई-सुविधा केंद्र के रूप में भी विकसित होगा, जहां नागरिक विभिन्न तरह के बिल जमा करा सकेंगे। साथ ही विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन कराने की भी सुविधा रहेगी। बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी, जिससे कि उन्हें किसी काम के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। शेष तीन जोनल ऑफिस इससे छोटे हैं और उनमें भी जनता के लिए ई-सुविधा रहेगी।
इन जगहों पर बन रहे जोनल ऑफिस
महानगर में नगर निगम परिसर के अलावा, जिन तीन अन्य जगहों पर ई-सुविधा केंद्र/जोन ऑफिस बन रहे हैं। उनमें हकीकतनगर, नुमाइश कैंप और मनोहरपुर शामिल हैं। उक्त जोनल ऑफिस महानगर के अलग-अलग क्षेत्रों में बनाने के पीछे मकसद यह है कि लोगों को किसी काम के लिए भटकना न पड़े और अपने घर के आसपास ही उनको सुविधा मिल सके।
हकीकतनगर और मनोहरपुर में जोनल ऑफिस बनकर तैयार हो चुके हैं। नगर निगम में बन रहे मुख्य जोनल ऑफिस का कार्य अंतिम दौर में है, जबकि नुमाइश कैंप के जोनल ऑफिस के निर्माण की गति थोड़ा धीमी है, जिनको गति लाने के निर्देश दिए गए हैं। चारों ऑफिस पूर्ण होने के बाद जनता को ई-सुविधाएं इनके माध्यम से दी जाएंगी।
- अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर