सहारनपुर। जन सुनवाई के दौरान नगरायुक्त संजय चौहान ने आबादी के निकट जहां भी नाले खुले हैं उन्हें स्लैब रखकर कवर करने तथा महानगर में टूटे सीवर के ढक्कनों को तुरंत बदलने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जन समस्याएं भी सुनीं। जन शिकायतों में से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उन्होंने बीते सप्ताह की शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा भी की।
वार्ड 46 के कुछ घरों तथा राघवपुरम में पानी में मिट्टी आने की शिकायत पर जलकल विभाग को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि वहां रिबोर या नया ट्यूबवेल लगाया जा रहा है तो तब तक प्रभावित क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। वार्ड 33 की सीवर लाइन समस्या के संबंध में उन्होंने जल निगम से प्रगति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आई जिन शिकायतों के निस्तारण या कार्य पूरा करना दर्शाया जाए। उनकी आख्या के साथ कार्य पूर्ण होने के फोटो भी मंगवाए जाएं।
पथ प्रकाश की ठेका कंपनी ईईएसएल के कार्य की समीक्षा करते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने नाले-नालियों पर अवैध कब्जा न होने देने के भी निर्देश दिए। वार्ड 60 की राज कॉलोनी के अब्दुल जब्बार ने स्ट्रीट लाइट ठीक कराने का प्रार्थना पत्र दिया। वार्ड 32 खानआलमपुरा निवासी ने सड़क व नाली की सफाई की मांग रखी। वार्ड 52 नवाबगंज के सतीश कुमार ने गृहकर जलकर का बिल ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। वार्ड 70 पुल कंबोह के डॉ. मानव खन्ना ने पाइपलाइन लीकेज की शिकायत की। जन सुनवाई में अपर नगरायुक्त राजेश यादव, एसके तिवारी, मृत्युंजय आदि मौजूद रहे।