सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के सीईओ/नगरायुक्त संजय चौहान ने हैबिटेट सेंटर का निर्माण मजदूर बढ़ाकर और डबल शिफ्ट में करने के निर्देश दिए। वह शुक्रवार को निर्माणाधीन हैबिटेट सेंटर का निरीक्षण कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
संजय चौहान शुक्रवार की दोपहर अंबाला रोड स्थित निर्माणाधीन हैबिटेट सेंटर पहुंचे। भूतल के साथ ही उन्होंने सभी तलों का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम मेरठ के परियोजना प्रबंधक संतराम को मजदूर बढ़ाकर कार्य डबल शिफ्ट में करने के निर्देश दिए।
कहा कि कार्य में गुणवत्ता और सफाई पर विशेष ध्यान रहे। उन्होंने अधिकारियों को हैबिटेट सेंटर का रिवेन्यू मॉडल विकसित करने को कहा, जिससे कि यह एक साधारण मॉल या मार्किट ना बनकर रह जाए।
इसके बाद वह गंगोह रोड स्थित इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन पहुंचे। सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक रविप्रताप सिंह ने उन्हें बताया कि 70 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है।
सीईओ ने 30 नवंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता बीके सिंह, डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल, परियोजना प्रबंधक जितेंद्र सिंह व अपर परियोजना प्रबंधक शिवेंद्र सिंह मौजूद रहे।