सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट के नए सभागार में हुई बैठक में ओडीओपी काष्ठकला उद्योग के उद्यमियों समस्याएं रखते हुए निस्तारण कराने की मांग की।
जिलाधिकारी ने कृषि और उद्यान से समन्वय बनाकर ओडीओपी उद्योग से संबंधित लकड़ी की पौध की वेरायटी बढ़ाने के निर्देश डीएफओ को दिए, जिससे कि काष्ठ उद्योगों को कच्चा माल आसानी से उपलब्ध हो। खाताखेड़ी में सड़क, नाली व सार्वजनिक शौचालय की बेहतर व्यवस्था के लिए नगर आयुक्त से कहा गया। नगर आयुक्त ने कल प्रमुख उद्यमियों के साथ स्थलीय भ्रमण करने की बात कही। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को विद्युत संबंधी समस्याओं को दूर करने तथा खाताखेड़ी में ट्रांसफार्मर को आवश्यतानुसार व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में सरकार द्वारा समर्थित सीएफसी केंद्र के बेहतर संचालन तथा उद्यमियों को आने वाली अंतरविभागीय समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर मजिस्ट्रेट को नोडल अधिकारी बनाया गया। खाताखेड़ी में ओडीओपी समर्पित सीएफसी व एक्सपो मार्ट बनाने के लिए जोनल कंसलटेंट ओडीओपी को प्रोजेक्ट बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त शिपू गिरि, डीएफओ शुभम सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उपायुक्त उद्योग डॉ. बनवारी लाल, रामजी सुनेजा, प्रमोद सडाना, औसाफ आदि रहे।