गागलहेड़ी। थाना क्षेत्र के गांव नागल अहीर में खेत के पास नाले में एक महिला का शव मिला है। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। उसके चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस हत्या व आत्महत्या इन दोनों बिंदु पर जांच कर रही है।
शुक्रवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि नागल अहीर गांव के खेत के पास नाले में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। महिला के चेहरे पर हल्के चोट के निशान मिलने से पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत नाले में हुई या उसे कहीं और से लाकर यहां फेंका गया। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के गांवों में भी महिला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।