सहारनपुर। नकली नोटों की गड्डी थमाकर महिलाओं के जेवरात ठगने वाला गिरोह एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र में इसी प्रकार की एक घटना हुई। बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला से दो युवकों ने 500-500 रुपये की गड्डी दिखाकर सोने के जेवर ठग लिए। पुलिस ने धोखाधड़ी में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नवीन नगर निवासी सुनीता सैनी ने छह मई को घर से सामान लेने के लिए दाल मंडी पुल पर गई थीं। वहां उन्हें दो युवक मिले। एक युवक ने कहा कि उसके पास 500-500 रुपये की नोटों की गड्डी है और उसे अपने पास रख लें। गड्डी के ऊपर 500 रुपये के नोट लगे हुए थे। दो युवक महिला को अपने साथ पैदल प्रताप मार्केट तक ले गए। वहां युवकों के कहने पर पीड़िता ने अपनी सोने की बाली और अंगूठी उतारकर एक रुमाल में बांध दी।
इसी दौरान युवकों ने चालाकी से रुमाल बदल दिया और महिला को दूसरा रुमाल थमा दिया। इसके बाद एक युवक ने कहा कि वह ई-रिक्शा में बैठाकर आ रहा है। महिला ई-रिक्शा से भैरव मंदिर दाल मंडी पहुंची। जब उन्होंने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें जेवरों की जगह 10 रुपये का सिक्का और कंकड़ निकला। वहीं नोटों की गड्डी में केवल एक असली 500 का नोट था, बाकी कागज की कटिंग निकली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने धोखाधड़ी कर उनके जेवर ठग लिए।
पहले भी सामने आ चुके इस तरह के मामले
नकली नोटों की गड्डी थमाकर जेवर ठगने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कोतवाली मंडी क्षेत्र में फरवरी 2026 में गणेश विहार निवासी सोनिया कर्णवाल से ठगों ने सोने की चेन व कानों के टॉप्स उतरवा लिए थे। महिला को 500-500 रुपये के तीन नोट निकालकर थैला दिया था। घर पहुंचकर गड्डी में 500 रुपये का एक नोट असली मिला था। बाकी सभी रद्दी कागज थे।