इंदौर की महिला ने नगीना सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर शिकायत की रसीद भी साझा की गई है। आयोग की कार्रवाई से सांसद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद पर बीते कुछ समय से गंभीर आरोप लगाने वाली इंदौर की महिला अब अपनी शिकायत लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) पहुंच गई है। सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, उक्त महिला ने अपने एक्स हैंडल से शिकायत दर्ज कराने की रसीद भी साझा की है।
रसीद में 23 जून 2025 को शिकायत दर्ज कराने का जिक्र किया गया है। यदि यह शिकायत महिला आयोग द्वारा विधिवत स्वीकार कर ली गई और इस पर औपचारिक जांच शुरू हुई, तो यह मामला चंद्रशेखर आजाद के लिए कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तर पर मुश्किलें बढ़ा सकता है।
फिलहाल राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, आयोग ऐसे मामलों में पीड़िता के दावों की जांच के बाद कार्रवाई करता है।
इस संबंध में जब सांसद चंद्रशेखर से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। उनके पक्ष की पुष्टि नहीं हो पाई है।