फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में तारों का जाल, हादसों का कर रहे इंतजार

Thu, 18 Apr 2019 11:30 PM IST
Prag Gupta ब्यूरो, सहारनपुर
विज्ञापन
सहारनपुर में बिछा बिजली के तारों का जाल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सहारनपुर में अफसरों की आंखों के सामने ही बिजली की लाइनों के नीचे मकानों का निर्माण होता रहा। सिर्फ मकान नहीं, बल्कि पुलिस चौकी भी बिजली लाइनों के नीचे बना दी गई। पुलिस चौकी के लिंटर में विद्युत खंभा तक अंदर ही ले लिया गया, तो बिजली लाइनों का जाल छत को छूकर निकल रहा है। हादसों को न्योता दे रहे इन तारों को देखकर भी अफसर अनजान बने हुए हैं। 
विज्ञापन


एक ओर तो अफसर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली के खंभों को लिंटर के अंदर कर इमारत बना डाली। शहर में पुलिस चौकी सराय का हाल में ही निर्माण हुआ है। एक खंभा पुलिस चौकी के लिंटर में ही अंदर ले लिया गया,  जबकि तीन खंभों एवं ट्रांसफार्मर से लगाकर दीवार बना दी गई।

दो मंजिली इस चौकी की छत पर न सिर्फ तार छूते हुए जा रहे हैं, बल्कि कई खंभों से ट्रांसफार्मर के जोड़े तक आ रहे तार इस चौकी की छत पर से गुजर रहे हैं, जो मात्र एक फुट की ऊंचाई पर है। इसके अलावा भी शहर में जगह-जगह यही आलम है। सर्किट हाउस रोड पर चूना भट्टी इलाके में चार खंभों का जोड़ा ही मकान के बीच में स्थित है उस पर आ रहे तार मकान की छत से होकर आ रहे हैं, जबकि इस खंभे में बारिश के कारण कई बार मकान में करंट भी आ चुका है।
विज्ञापन


लोहा बाजार में तो और भी स्थिति खतरनाक है। यहां एक इमारत में तो छत पर दो खंभे ही लगा दिए गए और उनमें तार जोड़ दिए गए हैं, जबकि बिजली का लोहे का खंभा इमारत से सटा हुआ है और तार छत से गुजर रहे हैं। लेबर कालोनी में बने आवासों के ऊपर से ही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इन भवनों का नक्शा भी पास हुआ और निर्माण भी हुआ।

इन हाईटेंशन लाइन की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। गलीरा रोड शारदा नगर में मकानों के ऊपर से ही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। न तो किसी ने मकान के निर्माण के समय रोका और न ही बिजली की लाइन को सुरक्षित किया गया। बाबा लालदास रोड स्थित गांधी कालोनी में घर की छतों से बिजली की लाइनें ऐसे गुजर रहीं हैं, जैसे कपड़े सुखाने के लिए रस्सी बांध रखी हो।

 कई बार हो चुकीं हैं दुर्घटनाएं
मंडी कोतवाली के हाकम शाह कालोनी में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से जाबिर, अहमद अली, अब्दुल रज्जाक के मकानों में आग लगी थी। शेखपुरा कदीम में छत पर खेल रहे बच्चे के तार की चपेट में आ जाने से मौत हो गई थी। इंद्रा कालोनी में बरसात में लोहे के खंभे से जमीन में करंट आ जाने से छह मवेशियों की मौत हो गई थी। बोमनजी रोड पर बिजली के तारों की चिंगारी से लकड़ी के कारखाने में आग लग गई थी। पंत विहार में लिंटर डालते समय ऊपर से गुजर रहे तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। पेपर मिल रोड पर पेंट कर रहे एक मजदूर की तार की चपेट में आकर मौत हो गई थी।

 बिजली के तारों से दूर होने चाहिए भवन 
अधीक्षण अभियंता रविंद्र गुप्ता ने बताया कि बिजली के तारों से भवनों का निर्माण दूर होना चाहिए।  आबादी के बीच से जा रही बिजली की लाइनों को अब इंसुलेटेड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 132 केवी एचटी लाइन से लगभग 25 मीटर की दूरी पर मकान बनाए जाने चाहिए, जबकि 220 केवी एचटी लाइन से 35 मीटर दूर मकान बनने चाहिए।

नोटिस भेजा जाएगा 
अधिशासी अभियंता सुशील गर्ग का कहना है कि जिस व्यक्ति ने पुलिस चौकी सराय का निर्माण किया है, उसको नोटिस भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने बिजली के तारों के नीचे मकान अथवा अन्य भवनों का निर्माण कर लिया है। खंभे अपने भवनों के अंदर कर लिए हैं, ऐसे लोगों को नोटिस भेजने के साथ ही नगर निगम और सहारनपुर विकास प्राधिकरण को भी पत्र भेजे गए हैं, जिन्होंने भवनों का नक्शा पास कर दिया। हादसों के लिए विद्युत निगम जिम्मेदार नहीं है।
जांच कराई जाएगी
- एसएसपी दिनेश कुमार का कहना है कि निर्माण के समय कर्मचारियों को इस बारे में टोका भी था और निर्देश दिए थे कि तारों और खंभों को बिल्डिंग से दूर रखें। इस बारे में जांच कराई जाएगी और नगर कोतवाली प्रभारी से जवाब मांगा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें