सहारनपुर में शनिवार को दोपहर तक कोहरे की ऐसी स्थिति रही।
सहारनपुर। सर्दी ने 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 20 दिसंबर का अधिकतम तापमान बीते 11 साल में सबसे निचले स्तर पर रहा है। दिनभर कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने से लोग ठिठुरते नजर आए।
जनपद में बीते चार दिन से कोहरा छाया हुआ है। शुक्रवार को दिन में धूप निकल आने के कारण लोगों को सर्दी से राहत मिली थी, लेकिन शनिवार की सुबह फिर कोहरे की चादर ओढ़कर आई। उम्मीद थी कि दोपहर में सूरज निकल जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दोपहर करीब दो बजे चंद मिनट के लिए कोहरा छटा, लेकिन उसके बाद फिर से सूरज कोहरे में छिप गया। कोहरे के साथ हवा चलने के कारण लोग ठिठुरते नजर आए।
न्यूनतम तापमान शुक्रवार की तुलना में .5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान में .6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और वह 14 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते दस साल का आंकड़ा उठाकर देखा गया तो 20 दिसंबर की अधिकतम तापमान अभी तक के न्यूनतम स्तर पर रहा। पूर्व के 11 वर्ष में 20 दिसंबर का अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आया।
बीते 11 वर्ष का 20 दिसंबर का तापमान
वर्ष-न्यूनतम-अधिकतम
2025-10-14
2024-09-22.8
2023-05-18
2022-7.2-20.2
2021-1.2-18.8
2020-1.6-16.5
2019-10-22
2018-05-19
2017-06-23
2016-06-24
2015-03-19