पुलिस भर्ती स्पेशल ट्रेन- सहारनपुर के रेलवे स्टेशन पर पुलिस भर्ती ट्रेन पर आने जाने वाले अभ्यर
सहारनपुर। 1857 के विद्रोह से पहले किस ब्रिटिश नीति के कारण कई भारतीय राज्यों का विलय हुआ। तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाए इन पंक्तियों में कौन सा अलंकार है। शनिवार को हुई उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों का कुछ इसी तरह के सवालों से सामना हुआ। पिछली बार की तुलना में इस बार हिंदी के सवाल अधिक रहे, लेकिन विज्ञान के सवाल कठिन लगे, जिनके उत्तर देने में परेशानी हुई।
परीक्षा के लिए जनपद में 25 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिन चलने वाली परीक्षा में प्रत्येक दिन दो पाली में परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली के लिए 10 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। यानी जनपद में दो दिन में कुल 40 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। चूंकि ज्यादातर अभ्यर्थी उत्तराखंड, गाजियाबाद सहित दूर-दराज के जनपदों से थे। ऐसे में पहले दिन पहली पाली की परीक्षा के लिए वह प्रात: छह बजे से ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे।
प्रात: आठ बजे से एंट्री शुरू की गई। केंद्रों में प्रवेश से पहले गेट पर ही अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिलाकर्मियों और पुरुषों की तलाशी पुरुषकर्मियों ने ली। मोबाइल सहित सभी प्रतिबंधित सामग्री बाहर ही रखवा ली गई।
परीक्षा दोपहर 12.05 बजे छूटी। बताया गया कि पांच मिनट ओएमआर शीट को भरने के लिए अतिरिक्त दिए गए। बहरहाल, परीक्षा के बाद केंद्रों से बाहर निकले ज्यादातर अभ्यर्थियों के चेहरे मुरझाए रहे। ज्यादातर ने प्रश्न पत्र को कठिन बताया।
इसमें हिंदी, गणित और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों ने उन्हें परेशान किया। दूसरी पाली की परीक्षा में भी कड़ी चौकसी रही। साथ ही दोनों पालियों में परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।