साढ़ौली कदीम। गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद तिथि बढ़ाने के बाद भी बुधवार को गेहूं की तौल नहीं कराई। इससे किसान दिन भर अपने गेहूं से भरे वाहन लेकर क्रय केंद्रों के चक्कर काटते रहे।
बुधवार को क्षेत्र में संचालित क्रय केंद्रों पर गेहूं का तौल बंद रहा। शासन ने पहले 15 जून तक क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद के आदेश जारी किए। मंगलवार को उच्चाधिकारियों ने क्रय केंद्रों पर 22 जून तक गेहूं खरीद के आदेश जारी किए। इसके बाद भी बुधवार को क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद नहीं की।
किसान योगेंद्र सिंह, अरविंद, श्याम कुमार, घमेर सिंह, नितिन, सुंदर लाल, मुकरर्म, मिसरयान ने कहा गन्देवड में संचालित क्रय केंद्र पर प्रभारी की हठधर्मिता के चलते नाम मात्र ही खरीद की। टोकन मिलने के बाद भी केन्द्र प्रभारी नये नये बहाने बना लगातार तौल कराने से टरकाते रहे हैं।
उधर, गन्देवड़ क्रय केंद्र प्रभारी अनुराधा मिश्रा के अनुसार खरीद की तिथि बढ़ाने संबंधी उन्हें अभी कोई आदेश नहीं मिले हैं। अब खरीद की कोई संभावना भी नहीं है, जबकि कांसेपुर के केंद्र प्रभारी कंवर पाल सिंह ने बताया कि खरीद तिथि बढ़ाने के आदेश मिले हैं, लेकिन बारदाना नहीं मिला है। बारदाना मिलने पर तौल कराई जाएगी।