राशन की दुकान पर वितरण को आए गेंहू में मिली मिट्टी और पत्थर
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा/सहारनपुर। गरीबों में बांटने के लिए मिट्टी और पत्थर मिला गेहूं भेज दिया। राशन डीलर ने बोरियां खोलकर देखीं तो मिट्टी और पत्थर देखकर वह भी दंग रह गया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई, इसके बाद मामले में जांच कराने की बात कही जा रही है।
मंगलवार को सरसावा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम शाहजहांपुर और भोजपुर के राशन डीलरों ने जब राशन वितरण के लिए गेहूं की बोरियां खुलवाई तो, एक बोरी में गेहूं के साथ ही मिट्टी और पत्थर निकला। इसके बाद राशन डीलरों ने गेहूं से भरी दो अन्य बोरियां और खोली तो उनमें भी यही स्थिति नजर आई। शाहजहांपुर के नरेश ने मामले की जानकारी तत्काल अंबाला रोड पर ग्राम सरसोहेड़ी के समीप स्थित खाद्य एवं रसद आपूर्ति विभाग की केंद्र प्रभारी एसएमआई रेनू रानी को दी। राशन डीलर नरेश और अमरीश ने बताया उन्हें 15 तथा 16 सितंबर को सरसोहेड़ी केंद्र से गेहूं की बोरियां का आवंटन हुआ।
एसएमआई रेनू रानी ने बताया कि सरसोहेड़ी केंद्र में बोरियों में गेहूं की भराई नहीं कराई जाती है, बल्कि पिलखनी स्थित एफसीआई के गोदाम से गेहूं आता है। वहीं, पिलखनी स्थित सीडब्ल्यूसी के डिस्पैच अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि प्रत्येक माह लाखों बोरियों का आवंटन किया जाता है, गेहूं की बोरियों पर लगी छाप देखकर ही कहा जा सकता है कि गेहूं कहां से आया है।
एसडीएम नकुड़/ प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु नागपाल ने कहा कि यदि राशन के गेहूं की बोरियों में मिट्टी और कंकड़ आदि मिले हैं तो जांच कराई जाएगी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी ने कहा मामला जानकारी में आया है। जिन दोनों राशन डीलरों के यहां बोरी में गेहूं के साथ मिट्टी और पत्थर निकले हैं, उन बोरियों को वापस मंगवाया है। उनकी जगह दूसरा गेहूं भिजवाया जा रहा है। साथ ही जांच कराई जाएगी कि यह गेहूं की बोरियां कहां से लाई गई और उनमें गेहूं की भराई कहां पर हुई।