सहारनपुर। कोरोना संक्रमण दोबारा सांसों को सांसत में डाल रहा है। बावजूद इसके शहर में आलम यह है कि लापरवाही कम नहीं हो रही है। लोग न ही मास्क लगा रहे हैं और कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो रहा है। सैनिटाइजर का इस्तेमाल भी कम हो गया है।
कोरोना संक्रमण बढ़ने पर रविवार को अमर उजाला ने महानगर की स्थिति देखी तो कई जगहों पर सामाजिक दूरी और कोविड की गाइडलाइन का उल्लंघन होता मिला। शहर के घनी आबादी वाले इलाके श्रीराम चौक के आसपास की दुकानों पर बिना सोशल डिस्टेंसिंग के लोग खरीदारी करते हुए मिले। इनमें से बड़ी संख्या में लोगों ने मास्क भी नहीं लगा रखा था। ऐसी स्थिति नेहरू मार्केट, शहीदगंज बाजार, मोरगंज बाजार, रायवाला, चौक फव्वारा, कोर्ट रोड और दिल्ली रोड पर भी देखने को मिली, जहां पर लोग बिना मास्क लगाए ही बाजारों में निकल रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा है।
इसके साथ ही व्यापारियों द्वारा भी प्रतिष्ठानों पर व्यापारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इसके अलावा एटीएम कक्षों में सरकार के निर्देशों का खूब उल्लंघन हो रहा है। ऐसी स्थिति में आने वाले दिनों में कोरोना जिले में कहर बरपा सकता है।
पहले से कम हुई सैनिटाइजर और मास्क की बिक्री
किशनपुरा के दवा विक्रेता राजीव मल्होत्रा का कहना है बीते वर्ष जब कोरोना संक्रमण की शुरूआत हुई तो लोगों ने काफी एहतियात बरता। इसके बाद लोग मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते रहे, लेकिन बीते दो माह में मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री 30 प्रतिशत कम हो गई है।
बना रहे ऐसे बहाने, गिर गया मास्क, भूल गए गाड़ी में
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर पुलिस-प्रशासन द्वारा मास्क न लगाकर बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शहर में रोजाना 500 से अधिक चालान किए जा रहे हैं। पकड़े जाने पर लोग कार्रवाई से बचने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाते हैं। पुलिस के मुताबिक, कोई कहता है कि सर अभी कुछ दूरी पर ही उनका मास्क गिर गया। कोई कहता है कि हम तो जल्दबाजी में मास्क लगाना भूल गए। कोई कहता है कि मास्क कार में रखा है। वह तो बस कुछ समय के लिए खरीदारी करने आए थे।
सात दिन में आए कोरोना संक्रमण के मामले
27 मार्च ---- 97
28 मार्च -------14
29 मार्च ------04
30 मार्च -----12
31 मार्च ------51
01 अप्रैल -----26
02 अप्रैल -----20
03 अप्रैल -----48
सात दिन में पुलिस की कार्रवाई
तारीख------चालान---------जुर्माना
27 मार्च-----717-----87500
28 मार्च-----416---51860
29 मार्च-----550----52637
30 मार्च-----493----46476
31 मार्च-----774----94200
01 अप्रैल---1967----213400
02 अप्रैल---1240 --95367
03 अप्रैल---994---61854
वर्जन --
लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लोगों को शासन-प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए तमाम कवायद की जा रही हैं। --- अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी
वर्जन -
मास्क न लगाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कार्रवाई जारी है। इसके अलावा दुकानों में भीड़ लगाने और सामाजिक दूरी का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। -- डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी