सहारनपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ने की वजह से 80 प्रतिशत लोगों ने शादी समारोह फिलहाल टाल दिए हैं। इसका सीधा असर कई तरह कारोबार पर पड़ा है, लेकिन कैटरिंग और होटल कारोबार पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने अब 20 लोगों की मौजूदगी में ही शादी समारोह की अनुमति दी है। ऐसे में कुछ लोगों ने घरों या मंदिर में सूक्ष्म कार्यक्रम कर ही विवाह संपन्न कराए हैं। कैटरिंग और होटल कारोबारियों के पास काम न के बराबर है। इसके साथ ही इनसे जुड़े वेटर, टेंट लगाने और रोटियां बनाने सहित अनेक तरह के श्रमिकों को भी कोरोना की वजह से रोजगार नहीं मिला है।
-------------
बुकिंग कराई गई कैंसिल
पेपर मिल रोड निवासी कैटरिंग कारोबारी रूपेश कर्णवाल का कहना है कि बीते वर्ष लॉकडाउन के दौरान आर्डर मिलने बंद हुए थे, लेकिन उसके बाद स्थिति सामान्य हुई तो कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन अब ढाई माह से कार्य बिल्कुल न के बराबर है। कैटरिंग कारोबारी अतुल जैन का कहना है कि अप्रैल और मई अच्छा साया होने की वजह से लोगों ने दिसंबर व जनवरी में कैटरिंग व होटल कारोबारियों को आर्डर देकर बुकिंग करा ली थी, लेकिन संक्रमण फैलने और कर्फ्यू की वजह से 80 प्रतिशत लोगों समारोह निरस्त कर दिए हैं।
-----------
कई लोगों को मिलता था काम
गोविंदनगर निवासी कैटरिंग कारोबारी रविंद्र का कहना है कि एक समारोह में लोगों की संख्या के अनुसार कई लोगों को काम मिलता था। जैसे हलवाई, वेटर, रोटियां बनाने वाली महिलाएं व पुरुष, कॉफी बनाने वाले, बर्तन धोने वाले और सजावट करने वाले लोगों को भी रोजगार मिल जाता था। छोटे से छोटे कार्यक्रम में करीब 30 लोगों को कार्य मिलता था और बड़े कार्यक्रम में इनकी संख्या 100 तक हो जाती थी, लेकिन इन दिनों काम बिल्कुल ठप है।
--------------
अक्षय तृतीय से 18 जुलाई हैं तक शादियों के 31 शुभ मुहूर्त
14 मई को अक्षय तृतीय के साथ ही शादियों के शुभ मुहूर्त की शुरूआत हो गई थी। इस बार बंपर साए हैं, लेकिन कोरोना की डर की वजह से शादी समारोह स्थगित हैं। ज्योतिषाचार्य रोहित वशिष्ठ का कहना है कि अक्षय तृतीय से 18 जुलाई तक 31 शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद नवंबर में शुभ मुहूर्त आएगा।