भूरादेव मंदिर के पास पानी उतरने का इंतजार करते श्रद्धालु। श्रोत-श्रद्धालु
शाकंभरी। शिवालिक पहाड़ियों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद सिद्धपीठ शाकंभरी देवी की खोल (बरसाती नदी) में तेज बहाव के साथ पानी आने से श्रद्धालुओं काे भूरा देव पर रोकना पड़ा। बाद में नदी में पानी कम होने पर ही श्रद्धालु दर्शनों के लिए माता के भवन तक पहुंच सके।
रविवार को शिवालिक पहाड़ियों एवं आसपास के क्षेत्र में सुबह से ही भारी बारिश शुरू हो गई थी। सुबह 8.30 बजे ऊपर पहाड़ियों से बारिश के बाद खोल (नदी) में बाढ़ आने के अलर्ट के बाद शाकंभरी चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने फोर्स के साथ सिद्धपीठ में सायरन बजाकर अलाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को भूरादेव पर रुकवा दिया। सिद्धपीठ में रुके हुए श्रद्धालुओं को ऊंचाई वाले स्थान पर पहुंचाया। नौ बजे तक खोल में तेज बहाव का पानी आ गया। इसके बाद जो जहां था, वहीं पर रुक गया। सिद्धपीठ में भी अच्छी खासी संख्या में श्रद्धालु देवी दर्शनों को पहुंचे हुए थे और भूरादेव पर भी भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित थे। करीब चार घंटे तक खोल में पानी का बहाव रहा। दोपहर 12.30 बजे के बाद पानी उतरने पर ही श्रद्धालु अपने वाहनों को भूरादेव पर खड़े कर पैदल दूसरे पार पहुंच सके।