सरूरपुर में कूड़ा प्रबंधन के लिए जमीन का निरीक्षण करती टीम।
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। वायुसेना स्टेशन के सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस और प्रशासन के साथ वायु सेना अधिकारियों ने कूड़ा प्रबंधन को लेकर मंथन किया। इसके बाद एसडीएम कूड़ा निस्तारण के लिए गांव सरूरपुर में चिह्नित किए गए एक स्थान को भी देखने के लिए पहुंचे।
एसडीएम नकुड़ पीएस राणा ने बताया कि वायुसेना स्टेशन के आसपास खुले में कूड़ा पड़ा रहता है। इस पर पशु पक्षी मंडराते रहते हैं। वायुसेना स्टेशन से उड़ान के दौरान हवा में विचरते पक्षी खतरे का कारण बन सकते हैं। इसलिए इनसे बचाव के लिए कूड़े का सही स्थान पर निस्तारित होना जरूरी है। इसके लिए वायुसेना अधिकारियों ने भी कुछ सुझाव दिए। बैठक में वायुसेना स्टेशन के पास अंबाला रोड पर ढाबों के लाइसेंस चेक करने तथा उनका कूड़ा सही स्थान पर निस्तारित कराने के अलावा गैर लाइसेंसधारी पोल्ट्री फार्म को बंद कराने आदि की चर्चा हुई। इसके बाद वायुसेना स्टेशन के पास गांव सरूरपुर गाड़ा में कूड़ा प्रबंधन के लिए जमीन का मुआयना किया गया। एसडीएम ने बताया कि हवाई उड़ानों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए कूड़े का प्रबंधन बेहद जरूरी है। इस मौके पर वायुसेना स्टेशन के अधिकारियों के अलावा स्थानीय प्रशासन के अनेक विभागों के जिसमें पशु चिकित्सा अधिकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अधिशासी अधिकारी सरसावा आदि भी मौजूद रहे।