मिल चालू कराये जाने कीं मांग को लेकर एसडीएम बेहट को ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। आगामी पेराई सत्र में पिछले छह साल से बंद शाकंभरी शुगर मिल यदि चालू नहीं कराई तो किसान मिल परिसर में ही समाधि लेंगे। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शाकंभरी शुगर मिल टोडरपुर के गेट पर धरना देकर मिल चालू कराने की मांग की।
इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी ने कहा मिल बंदी से क्षेत्र के किसान भुखमरी के कगार पर है। मिल बंदी के कारण क्षेत्र का गन्ना किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यदि सात अक्तूबर से पूर्व शासन प्रशासन द्वारा मिल चालू कराने के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नही की जाती तो वे इसी दिन धरने का आयोजन कर धरना स्थल पर समाधि ले लेंगे। किसानों ने मिल चालू कराने की मांग को ज्ञापन मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी बेहट को दिया। एसडीएम देव ने कहा उनका मांग पत्र शासन को भेजा। किसान एवं क्षेत्र हित में वह बंद चीनी मिल को चालू कराने का पूर्ण प्रयास करेंगे। इसमें अशोक राणा, योगेश चौधरी, सोनी राणा, मंजीत चौधरी, मेघराज सैनी, दर्शन लाल काम्बोज, हाजी मुकर्रम, ताहिर प्रधान, चौधरी हाशिम, आमिर आदि रहे।