देवबंद। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा अलग-अलग कार्रवाई में दो वारंटियों को भी दबिश देकर पकड़ा गया है।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि 16 सितंबर को क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर हरिद्वार जनपद थाना बुग्गावाला क्षेत्र के दोडबसी गांव निवासी दिवाकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि दिवाकर नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जांच में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को हाईवे स्थित जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज के समीप से गिरफ्तार किया है।
संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान पर दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वही, पुलिस ने मोहियुद्दीनपुर गांव निवासी नितिन कुमार उर्फ काला और अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सौरभ राठौर ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुए थे। इनके खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज थी।