नकुड़। गांव डाल्लेवाला निवासी बाइक सवार अरविंदर से दो बदमाशों ने साढ़े नौ हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया और थाने जाने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।अरविंद ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात 11 बजे वह नकुड़ से बाइक लेकर अपने गांव जा रहा था। नकुड़ व गांव अध्याना के बीच दो लोगों ने उसे रोक लिया और उसकी पिटाई करते हुए उसकी जेब से साढ़े नौ हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। बदमाशों ने उसकी बाइक के तार भी तोड़ दिए, जिस कारण वह स्टार्ट नहीं हुई। बताया कि जब वह अपनी बाइक को लेकर पैदल गांव की ओर जा रहा था, तो गांव अध्याना से पहले ही दोबारा दोनों बदमाशों ने उसे रोका और गाली गलौज करते हुए शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के साथ कोतवाली पहुंच तहरीर दी। सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखकर जांच कर रही है।