मिरगपुर में गुरु बाबा फकीरादास की सिद्धकुटी पर मंगलवार को भव्य मेला आयोजित किया गया। जिसमें आसपास और दूरदराज से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर सुख समृद्धि के लिए मन्नत मांगी।
बाबा फकीरादास की सिद्धकुटी पर सुबह करीब आठ बजे हवन पूजन किया गया। इसके बाद प्रसाद चढ़ाने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। इस मेले के दिन मिरगपुर गांव के प्रत्येक परिवार के सभी रिश्तेदार एकत्र होते हैं जो बाबा के दर्शन करने पहुंचते हैं। इस दिन प्रत्येक घर में देशी घी का हलवा और पेडे़ का प्रसाद भी बांटा जाता है।
सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन प्रविंद्र चौधरी, भाजपा नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह गुर्जर और ओमपाल सिंह ने बताया कि फाल्गुन मास की पहली दशमी को प्रतिवर्ष बाबा की सिद्धकुटी पर मेला लगता है। वहीं लोगों ने प्रसाद चढ़ाने के बाद मंदिर में आयोजित मेले का भी भरपूर आनंद उठाया। चाट-पकौड़ी और जलेबी ही नहीं खेल-खिलौनों की दुकानों पर भी महिलाओं, युवतियों और बच्चों की भीड़ उमड़ी रही।
मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। वहीं रुड़की (खानपुर) विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भी सिद्धकुटी पर मेले में शिरकत करने पहुंचे।
मिरगपुर में मंगलवार को उत्सव जैसा नजारा नजर आया। गांव के लोग मेहमानों की आवभगत में जुटे रहे। हिंदू ही नहीं मुस्लिम लोग भी गांव में अपने परिचितों के यहां पहुंचे। गांव की गलियों में लोगों की खूब चहल पहल दिखाई पड़ी।