सहारनपुर में एनआरआई अजय गुप्ता के बेटे के रिसेप्शन में बृहस्पतिवार रात में देशभर के वीआईपी का जमावड़ा लगा। अंबाला रोड स्थित समारोह स्थल पर हजारों लोगों के पहुंचने से अंबाला रोड पर जाम लग गया।
उल्लेखनीय है कि तुर्की में अजय गुप्ता के बेटे कमल गुप्ता की शादी हुई और शुक्रवार को उसका रिसेप्शन अंबाला रोड स्थित सिल्वर कैसल में आयोजित किया गया।
समारोह में शामिल होने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव दोपहर पहुंच गए थे। वे मिशन कंपाउंड स्थित अपने रिश्तेदार के यहां रुकने के बाद देर शाम समारोह में पहुंचे।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री आजम खान, रघुराज सिंह प्रताप उर्फ राजा भैया, जावेद आब्दी, ओमप्रकाश सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा, आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने शिरकत की।
फिल्मी सितारे भी समारोह की शोभा बढ़ा रहे थे। मंच पर प्रस्तुति के लिए प्रसिद्ध अभिनेत्री परिणीती चोपड़ा, सूफी गायक कैैलाश खेर, पाकिस्तानी गायक आतीफ असलम, बाॅलीवुड की उभरती हुई गायिका कनिका कपूर, अभिनेता जायद खान सहित कई कलाकार पहुंचे। इनके अलावा शहर के हजारों लोगों ने शादी समारोह में शिरकत कर शानदार प्रस्तुतियों का लुत्फ उठाया।
आपको बता दें कि अंबाला रोड पर समारोह के आयोजन के चलते सुबह से हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया था। इसके बाद भी पार्किंग के चलते कई किलोमीटर का लंबा जाम लग गया।