सहारनपुर में गर्मी शुरू होते ही बिजली की किल्लत शुरू हो गई है। देहात के साथ ही शहरी क्षेत्र में भी बिजली की भारी कटौती से जनता बेहाल है। शहर के ही कुछ क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को छह से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है।
कई इलाकों में रातभर बिजली न आने से लोगों को जागकर रात काटनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं में विद्युत निगम के खिलाफ गुस्सा है।
हकीमपुरा फीडर से जुड़ी शहर का कॉलोनियों और गांवों में चार साल से बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। विद्युत निगम संबंधित कॉलोनियों और गांवों में कई साल से रातभर बिजली आपूर्ति नहीं कर सका है।
केवल दिन में छह से आठ घंटे लोगों को बिजली मिल रही है। प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने के बाद क्षेत्र को 14 घंटे बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई थी, मगर वह भी कुछ ही दिन चला।
अब आलम यह है कि सुबह छह बजे बिजली आने के बाद सात से आठ बजे तक फिर चली जाती है। इसके बाद दिनभर बिजली का आना-जाना लगा रहता है। शाम करीब सात बजे बिजली रुकने के बाद रात साढ़े दस बजे फिर चली जाती है।
ऐसे में क्षेत्रवासियों में विद्युत निगम के प्रति रोष है। उनका कहना है कि उन्हें पहले घुन्ना बिजलीघर से आपूर्ति की जाती थी, जो ठीक थी। मगर, हकीमपुरा फीडर से जोड़े जाने के बाद आपूर्ति लगातार घट रही है।
मानकमऊ बिजलीघर से जुड़ी कॉलोनियों के उपभोक्ताओं की शिकायत है कि उनके यहां अघोषित कट जारी है। दिन के साथ ही रात में भी बिजली कई-कई घंटे के लिए गायब रहती है।
इसकी वजह से लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे रहे हैं। दिल्ली रोड से सटी कॉलोनियों में सुबह के समय बिजली न मिलने से पानी की समस्या बनी हुई है। चिंता इस बात की है कि अभी से बिजली की यह हालत है तो मई, जून और जुलाई के महीने में क्या होगा?