सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू के दौरान मिलने वाले छूट में नागरिक और दुकानदारों ने लापरवाही दिखाई तो पुलिस ने सख्ती की। कई जगहों पर लोग कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करते नजर आए तो कुछ बाजारों में गाइड लाइन का पालन भी होता मिला। लापरवाही करने वालों के पुलिस ने चालान काटे। कोर्ट रोड पर एक दुकान संचालक के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।
महानगर में चौक फव्वारा सब्जी मंडी पर भीड़ लगी रही। नगर कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज पंत ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। इसी तरह नागरिक चौक फव्वार, मोरगंज बाजार में लोग लापरवाही करते नजर आए। इसके अलावा बाजोरिया रोड पर चिकित्सकों के क्लीनिकों के बाहर शारीरिक दूरी का खूब उल्लंघन किया गया। इसके अलावा खलासी लाइन, शारदानगर, नुमाइश कैंप, हकीकतनगर, कोर्ट रोड, दिल्ली रोड और घंटाघर पर कई जगहों पर गाइड लाइन उल्लंघन होता दिखा।
पुलिस ने चेकिंग की, 300 से अधिक चालान काटे
सहारनपुर। महानगर में लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने बिना मास्क के घूम रहे 191 लोगों के चालान काटकर 42 हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा बेवजह घूमने वाले 109 लोगों के चालान काटे। शाम के समय पुलिस ने घंटाघर, कोर्ट रोड, सिविल लाइन चौकी, जनकपुरी चौकी, नवाबगंज चौक, बेहट बस स्टैंड, भूतेश्नगर चौक, नकुड़ तिराहा, शुगर मिल तिराहा, हसनपुर चौक पर चेकिंग अभियान चलाया।