चिलकाना। ग्राम मलकपुर में दुर्लभ प्रजाति का उल्लू मिला है। उल्लू मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। दुर्लभ प्रजाति का उल्लू मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस उल्लू को अपने कब्जे में लेकर चली गई।
रविवार दोपहर ग्राम मलकपुर में कुछ बच्चे एक विचित्र उल्लू के पीछे भाग रहे थे। ग्रामीणों ने उस उल्लू को असामान्य स्थिति में देखा। जीव को सुरक्षित रखने और वन्यजीव विभाग तक पहुंचाने के उद्देश्य से मौके पर मौजूद ग्रामवासियों ने तत्काल पुलिस 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिलकाना पुलिस की टीम गांव में पहुंची। ग्रामवासियों ने पूरी सुरक्षा के साथ उल्लू को पुलिसकर्मियों को सौंप दिया। पुलिस ने उल्लू को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही उसे वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि उसकी उचित देखभाल और सुरक्षित प्राकृतिक आवास में वापसी सुनिश्चित की जा सके। मौके पर मौजूद मोहम्मद इसरार, मुकीम, जावेद आदि ग्रामीणों की जागरूकता और पुलिस की तत्परता से एक वन्य जीव को सुरक्षित बचाया जा सका।