तीतरों। गांव बेरखेड़ी मुसलमान में सड़कों पर भरे गंदे पानी की समस्या का निदान न होने से नाराज ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि वह विधायक से भी मिल चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
गंगोह विकास खंड के इस गांव में तालाब न होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी नालियों से ओवर फ्लो होकर रास्तों पर भर रहा है। इसके चलते दोनों मुख्य रास्तों से गुजरना मुश्किल है। ग्रामीणों पलविंद्र सिंह, प्रेम सिंह सैनी, सुशील सैनी और बिटटू कोरी आदि का कहना है कि उन्हें अपने बच्चों को स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र पर लाने ले जाने के लिए गोद में उठाकर अथवा काफी दूरी तय करके दूसरे रास्ते से जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भरे पानी के कारण उनके गांव में करीब 20 लोग बुखार की चपेट में हैं। आरोप है कि अधिकारियों को शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वह दो दिन पहले गंगोह भाजपा विधायक से मिले थे, वह ही हस्तक्षेप करके अधिकारियों को जल निकासी के स्थाई समाधान के लिए निर्देशित करें। प्रदर्शन करने वालों में विकास कोरी, ब्रजपाल, बबीता, सुनीता, ममता, सुशीला, नवीन सैनी, सतेंद्र कश्यप आदि शामिल रहे। उधर, खंड विकास अधिकारी प्रवेज असलम का कहना है कि वह एडीओ पंचायत को इसके लिए निर्देशित करेंगे।
गांव के लोग उनसे समस्या को लेकर मिले थे। उन्होंने खंड विकास अधिकारी से बात की है, जल्द ही जल निकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-चौधरी कीरत सिंह, विधायक गंगोह