नानौता। क्षेत्र के गांव भोजपुर में खेतों से होकर गुजर रही नीचे लटकी हाइटेंशन लाइन को ऊंचा कराने तथा मृत बैल के मुआवजे की मांग को लेकर भाकियू (टिकैत) के ब्लॉक अध्यक्ष सूचित चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अमित के खेत पर धरना दिया। करीब पांच घंटे तक चले धरने को नायब तहसीलदार व एसडीओ के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। इसके बाद ही बैल को दफनाया गया।
बता दें, कि किसान अमित के खेत में नीचे लटकी लाइन की चपेट में आने से शुक्रवार शाम मजदूर कुंगत के बैल की मौत हो गई थी। निगम द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर किसानों में रोष व्याप्त हो गया। वह शनिवार को इकट्ठा होकर खेत पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने पर ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र के खेतों से होकर गुजर रही हाइटेंशन लाइन जमीन से मात्र लगभग पांच फुट ऊपर लटक रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना था कि इस समस्या की शिकायत कई बार बिजली निगम के जेई और अन्य अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
धरने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और एसडीओ बिजली निगम ने ग्रामीणों को मृत बैल का मुआवजा दिलाने तथा हाईटेंशन लाइन को ऊंचा कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे बाद धरना समाप्त करते हुए मृत बैल को दबवाया। इस दौरान कुंगत, रामपाल सिंह, यशपाल सिंह, संदीप, समय सिंह, सोनू, जोनी, ईसम, पुनीत, रामकुमार, शहजाद, अक्षय, अनिरुद्ध, आशु, अर्जुन, विपिन, मंदीप, सचिन, विपुल, ब्रजपाल, दीपक आदि मौजूद रहे।