बिजलीघर के खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए ग्रामीणों ने दिया धरना
छुटमलपुर (सहारनपुर)। बहेड़ा खुर्द स्थित 33 केवीए बिजलीघर के खराब पड़े पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने बिजलीघर पहुंच कर धरना देते हुए प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे अफसरों का घेराव करेंगे।
बता दें कि बेहड़ा खुर्द स्थित बिजली घर से बहेड़ा कलां, बहेड़ा खुर्द, बढेढी, मांडला, लंढोरा, अल्हेड़ी, दतौली मुगल, नौसरहेड़ी और जजनेर गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। चार दिन पूर्व इस बिजलीघर पर रखा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। तीस घंटे बाद बिजली अधिकारियों ने दूसरे बिजलीघर से आपूर्ति तो बहाल कर दी लेकिन वोल्टेज कम आने के कारण इन गांवों के किसानों के नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। इसी से परेशान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर बिजलीघर पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। धरने की अध्यक्षता कर रहे नरेंद्र राणा ने कहा कि उन्हें पांच से सात घंटे आपूर्ति मिल रही है। उसमें भी वोल्टेज इतनी कम है कि घरों की पानी की मोटरें तक नहीं चल रही हैं। खेतों के नलकूप चार दिन से पूरी तरह बंद पड़े हैं जिसकी वजह से धान की पौध सूखने की कगार पर है।
योगेश राणा, संदीप पुंडीर, शिवांग राणा, डॉ. टीटू, नरेंद्र राणा, इदरीश अहमद, फैजान अली, फरमान आदि ने आरोप लगाया कि यदि बिजली घर पर जाकर कर्मचारियों से बात करते हैं तो वह सही जवाब नहीं देते हैं। बाद में ग्रामीण इस चेतावनी के साथ वापिस लौट गए यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे अधिकारियों का घेराव करने को बाध्य होंगे। उधर जेई आनंद प्रकाश ने बताया कि स्टीमेट बना कर भेज दिया गया है। उपलब्ध होते ही बदलवा दिया जाएगा। रही बात लो वोल्टेज की तो उसका समाधान किया जा रहा है।