ग्राम पाजबांगर में एक माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजलीघर पर पहुंच धरना-प्रदर्शन किया।
ग्राम पाजबांगर में दिवाली से पहले गांव में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए ग्रामीणों ने बिजलीघर और सहारनपुर कार्यालय के अनेक चक्कर लगाए, लेकिन आश्वासन के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
आरोप है कि ट्रांसफार्मर बदलने के लिए जेई द्वारा बनाए गए एस्टीमेट को निगम ने गलत बताकर ग्रामीणों को बिना ट्रांसफार्मर दिए ही सहारनपुर से वापस भेज दिया।
शुक्रवार को परेशान ग्रामीण राजकुमार कांबोज, बालेश्वर सैनी, सचिन कांबोज, संदीप कुमार, सुभाष चंद, दीपक, रविकुमार, सुमित, टिंकू, राजू आदि बिजलीघर पहुंचे। विद्युत निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि दो दिन के अंदर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह बिजलीघर पर पुन: धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
उधर बिजली घर के जेई समय सिंह ने बताया कि फुंके हुए ट्रांसफार्मर का एस्टीमेट बनाकर स्टोर को भेज दिया गया है। ट्रांसफार्मर आते ही बदल दिया जाएगा।