तलहेड़ी-अंबोली मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने को लेकर प
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। तल्हेड़ी में ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक आने जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं कराए जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को रेलवे अधिकारियों के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी जब तक वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं जाएगी तब तक ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होने देंगे।
अंबोली गांव के पूर्व प्रधान शीशपाल चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तल्हेड़ी रेलवे स्टेशन के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर जाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण तल्हेडी बुजुर्ग वाया अंबोली मार्ग पर बारिश का गंदा पानी भर जाने से कीचड़ जमा हो गई है। जिस कारण आने जाने वाले बाइक सवार घायल हो रहे हैं। ग्रामीण चौधरी रमेश कुमार, नरेंद्र प्रधान, अरुण चौधरी व हर्ष कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज के संबंध में ग्रामीणों ने पूर्व में एडीएम- ई के यहां प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने की मांग की थी। तब एडीएम ई द्वारा ग्रामीणों को समस्या के समाधान का जल्द आश्वासन दिलाया गया था। परंतु रेलवे विभाग द्वारा अभी तक वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया। जिस कारण अंबोली, मनोहरपुर, चंदेना कोली समेत कई दर्जन भर गांवों के लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों को रेल अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्ग बनाने का आश्वासन दिलाया, जिस पर लोग शांत होकर वापस लौटे। बता दें कि बीते रविवार को नागल में भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने ओवरब्रिज निर्माण को लेकर प्रदर्शन किया था।
वैकल्पिक मार्ग के लिए विभागीय अधिकारियों से वार्ता
ओवरब्रिज को लेकर ग्रामीणों को आ रही परेशानी के संबंध में रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। वैकल्पिक मार्ग के लिए विभागीय अधिकारियों से वार्ता जारी है।
- देवेंद्र पांडेय, एसडीएम देवबंद