सरसावा क्षेत्र के खेत में मिले जानवर के पंजों के निशान
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। सरसावा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम रायपुर में गुलदार जैसा जानवर नजर आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी भी गांव पहुंचे और पंजों की जांच एवं तथा चश्मदीदों से बात की। उन्होंने बताया कि यह जंगली बिल्ली के पंजों के निशान हैं। उन्होंने ग्रामीणों को पैनिक ना होने के लिए भी समझाया।
विकास खंड क्षेत्र के ग्राम रायपुर में बीते तीन दिन से गुलदार जैसी आकृति का जानवर देखे जाने की चर्चा जोरों पर हैं। गांव के पूर्व प्रधान संदीप राणा ने बताया कि वह तीन दिन पूर्व टीटू, शुभम तथा अमित के साथ जब रात को सरसावा से गांव लौट रहे थे तो उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले गांव कल्याणपुर के पास सड़क पार करते हुए एक जीव को देखा, उसके साथ दो शावक भी थे। देखने में जीव के शरीर पर चकते चितकबरे धब्बेदार चकते थे जो देखने में चीते की प्रजाति का लग रहा था।
मंगलवार को रायपुर गांव के ही जसरथ राणा ने बताया कि सोमवार की रात्रि में गांव के जल सिंह, सुक्कड़ और कुलदीप जब अपने खेत से पानी देकर लौट रहे थे तो उन्होंने खेत की डोल पर ऐसी आकृति के एक जानवर को बैठे देखा। जैसे ही उन्होंने जानवर की चेहरे पर टोर्च की रोशनी फेंकी वो बेहद आराम से उठकर गन्ने के खेत में ओझल हो गया। इसके बाद ग्रामीण लाठी डंडे लेकर जानवर के बैठने वाले स्थान पर पहुंचे तो दलदली मिट्टी में उसके पंजों के निशान स्पष्ट नजर आए। सूचना के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और पंजों की छाप की जांच एवं प्रत्यक्षदर्शियों से जीव के विषय में जानकारी प्राप्त की।
इस संबंध में सामाजिकी वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी हर ज्ञान सिंह ने बताया कि पंजों की जांच और बताए गए हुलिए के आधार पर नजर आने वाला जीव जंगली बिल्ली या फिशकैट है जो जंगल का सामान्य प्रजाति का जानवर है। यह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता है।