जिला अस्पताल में पत्रकारो से वार्ता करते सीएमओ बीएस सोढी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। न्यूमोकोकल वैक्सीन सहारनपुर में उपलब्ध है, जिसकी डोज शिशुओं की निमोनिया से होने वाली मौतों पर अंकुश लगाएगी। सहारनपुर में यह डोज शिशुओं को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के चौथे चरण में दी जाएगी। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने पत्रकार वार्ता कर वैक्सीन के बारे में जानकारी दी।
सीएमओ ने बताया कि न्यूमोकोकल रोग में फेफड़ों में संक्रमण होता है, जिसे निमोनिया भी कहते हैं। दुनिया भर के साथ ही भारत में भी इस रोग से शिशुओं की बड़ी संख्या में मौत होती है। निमोनिया से शिशुओं की मौत पर रोक लगाने के लिए न्यूमोकोकल वैक्सीन बनी है। अभी तक यह वैक्सीन प्रदेश के 19 जनपदों में पिलाई जा रही है। सहारनपुर में भी यह वैक्सीन पहुंच गई है, जिसकी डोज नियमित टीकाकरण के चौथे चरण में शामिल की जाएगी। यह वैक्सीन शिशुओं को निमोनिया बीमारी से प्रतिरक्षित करेगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि वैक्सीन को नियमित टीकाकरण सारणी में शामिल किया गया है। शिशुओं को इस वैक्सीन की पहली डोज छह सप्ताह की आयु पूरी होने पर, दूसरी डोज 14 सप्ताह की आयु पूरी होने पर और तीसरी बूस्टर डोज नौ माह की आयु पूरी होने पर दी जाएगी। यानी एक वर्ष से कम आयु के शिशुओं के लिए यह वैक्सीन है। दस अगस्त को मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। जिला स्तर पर सहारनपुर में भी उदघाटन किया जाएगा। 13 अगस्त से शिशुओं को डोज मिलनी शुरू होगी।