- उत्तराखंड परिवहन निगम पर आरटीओ का 2.12 करोड़ का टैक्स बकाया
- देहरादून, हरिद्वार, रुड़की व ऋषिकेश डिपो की बसों का यूपी में संचालन
- जुलाई से अक्तूबर तक का परिवहन निगम ने नहीं चुकाया टैक्स
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम के चार डिपो की रोडवेज बसें बिना टैक्स यूपी में दौड़ रही हैं। हालात यह है कि जुलाई से अब तक परिवहन निगम ने रोडवेज बसों का बकाया टैक्स जमा नहीं किया है। निगम पर आरटीओ का करीब 2.12 करोड़ रुपये रोड टैक्स बकाया है। ऐसे में विभाग ने टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस जारी कर दिया है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की डिपो की रोडवेज बसों का यूपी में संचालन होता है। संभागीय परिवहन विभाग के अनुसार, निगम को हर महीने करीब 58 लाख रुपये का टैक्स के रूप में जमा करना होता है। जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्तूबर का टैक्स अभी तक जमा नहीं कराया गया है, जिससे कुल बकाया करीब 2.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
जून का रोड टैक्स अक्तूबर माह के प्रथम सप्ताह में जमा किया था। उसके बाद से संभागीय परिवहन विभाग के पास से टैक्स नहीं आया है। इसके बावजूद उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें धड़ल्ले से दौड़ रही हैं। अब सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए परिवहन निगम देहरादून में वित्त नियंत्रक को पत्र लिख दिया है। इसके साथ ही हर महीने विभाग की तरफ से बकाया रोड टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।
वर्जन
उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बसों का टैक्स नहीं आने से राजस्व का नुकसान हो रहा है। निगम को जल्द रोड टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस जारी कर दिया है। - मानवेंद्र प्रताप सिंह, एआरटीओ प्रशासन