सहारनपुर के रामपुर मनिहारान के किशनखेड़ी के जंगल में तेंदुआ जैसे किसी जानवर के दो बच्चों को देखे जाने का दावा दो किसानों ने किया है। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घंटों शावकों की तलाश की गई, लेकिन वे नहीं मिल सके।
सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन चौधरी भूपेंद्र सिंह का गांव किशन खेड़ी के पास फार्म हाउस है। वह प्रतिदिन अपने खेत पर आते हैं। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे वह जय सिंह के साथ टहल रहे थेे। उस समय उनका पालतू कुत्ता भी साथ था।
कुत्ते के भौंकनेे की आवाज से जब उन्होंने जंगल की तरफ देखा तो उन्हें सफेद रंग के दो तेंदुआ जैसे किसी जानवर के बच्चे दिखाई दिए। जिन्हें देख वह दहशत में आ गए। कुत्ते के लगातार भौंकने से दोनों शावक ईख के खेत में घुस गए।
इसके बाद भूपेंद्र सिंह ने गांव में खबर की। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सभासद कीरत उर्फ मिंटू, चौधरी सालीम, इकबाल उर्फ छोटा, शुभम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आसपास के सारे जंगलों में घंटों तक कांबिंग की।
ग्रामीणों को ईख के खेत में अंदर पंजों के निशान तो दिखाई दिए, लेकिन शावक नहीं मिल सके। उधर, वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच के लिए वन कर्मियों की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है।