सहारनपुर में देहरादून, अंबाला, और दिल्ली हाईवे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसपी ने संबंधित थानेदारों को हाईवे पर गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों और वाहनों पर नजर रखने तथा जनपद की सीमावर्ती चौकियों पर वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं।
ऐसा बुलंदशहर में मां और बेटी के साथ हुई गैंगरेप की घटना के बाद किया गया है। बुलंदशहर में मां और बेटी के साथ हुई गैंगरेप की घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर से प्रश्न चिह्न लगा दिया है।
इससे एक ओर जहां सरकार की किरकिरी हुई है, वहीं पुलिसिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। डीजीपी जावीद अहमद ने प्रदेश भर के हाईवे पर सुरक्षा बढ़ाने के आदेश सभी एसएसपी को दिए हैं।
एसएसपी प्रदीप कुमार यादव ने संबंधित थानेदारों को अंबाला, देहरादून और दिल्ली हाईवे की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए दिन के साथ ही रात में गश्त बढ़ाने को कहा है। जनपद की सीमाओं पर बनी चौकियों पर वाहनों की चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।