सहारनपुर। मेडिकल एवं आवश्यक वस्तुओं से संबंधित उद्योगों को छोड़कर अन्य सभी उद्योगों में ऑक्सीजन सिलिंडर का प्रयोग बंद किया जाएगा। इन सिलिंडरों को कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए रिजर्व किया जाएगा। ऐसा नहीं करने वाले उद्योगों के स्वामियों के विरुद्ध आपदा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में फैब्रिकेशन सहित अन्य कई उद्योगों में ऑक्सीजन का प्रयोग होता है, लेकिन कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मेडिकल एवं आवश्यक वस्तुओं के निर्माताओं को छोड़कर अन्य सभी औद्योगिक इकाइयों में ऑक्सीजन का प्रयोग बंद किया जाएगा। जनपद की करीब आठ हजार छोटी बड़ी औद्योगिक इकाइयों में से ढाई सौ अधिक में ऑक्सीजन का प्रयोग होता है। उद्योग विभाग के उपायुक्त सिद्धार्थ यादव ने बताया कि मेडिकल और आवश्यक वस्तुएं बनाने वाली इकाइयों के अलावा सभी अन्य उद्योगों में ऑक्सीजन का प्रयोग बंद किया जाएगा। उनके पास रखे सिलिंडरों का उपयोग कोरोना मरीजों के लिए किया जाएगा। उ
ऑक्सीजन प्लांट लगाने को आगे आएं उद्यमी
कोरोना संकट के दौरान ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के की प्रशासनिक कवायद शुरू हो गई है। जिला उद्योग केंद्र ने जनपद के उद्यमियों को ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए आगे आने का आह्वान किया है। उद्योग उपायुक्त सिद्धार्थ यादव ने बताया कि इस उद्योग के लिए तत्काल एनओसी जारी की जाएगी, साथ ही अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्यमियों से सौंपे ऑक्सीजन के 17 सिलिंडर
जिला प्रशासन और उद्योग विभाग की अपील पर बृहस्पतिवार को उद्यमियों ने मेडिकल कालेज को 17 ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराए हैं। उद्योग उपायुक्त ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को भी दस सिलिंडर देने का भरोसा दिया है। इनमें आईआईए, एसआईए और लघु उद्योग भारती आदि संगठनों से जुडे़ उद्यमी शामिल हैं।