चिलकाना। सुल्तानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और स्टाफ नर्स पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को समझाकर शांत किया।
बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर के मोहल्ला कोठीवाला निवासी प्रवेज ने पत्नी शबनम को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। भर्ती के करीब आधे घंटे बाद अस्पताल में मौजूद स्टाफ नर्स प्रसव कराने के लिए शबनम को लेबर रूम में ले गई। इसी दौरान नर्स और वहां मौजूद उसकी सहायिका ने प्रसव कराना शुरू कर दिया। नर्स ने परिजनों को बताया कि बच्चा मृत पैदा हुआ है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि नर्स की लापरवाही के कारण नवजात की मौत हुई है। उसके शरीर पर निशान बने हुए हैं, जिससे लग रहा है कि प्रसव के दौरान नवजात को खींचकर निकला गया है। मौत से परिजन सीएचसी में इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की जानकारी पर एएसपी विवेक तिवारी सीएचसी में पहुंचे। परिजनों को शांत करते हुए पूरी जानकारी ली। परिजनों की मांग है कि स्टाफ नर्स पर कार्रवाई की जाए।
-
आठ बजे दिया था प्रसव का समय
पिता प्रवेज के चार बच्चे हैं। दो बेटी व दो बेटे हैं। चारों मानसिक रूप से कमजोर हैं। परिवार को उम्मीद थी कि यह बच्चा उनके घर में खुशियां लेकर आएगा। प्रवेज ने बताया कि साढ़े तीन बजे जब अपनी पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराया, तब नर्स ने रात आठ बजे प्रसव का समय दिया था, लेकिन प्रसव समय से कई घंटे पहले करने का आरोप लगाया।
पहले भी कई नवजात की हो चुकी मौत
सीएचसी सुल्तानपुर पर नवजात की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई नवजातों की मौत हो गई है। सुल्तानपुर के मोहल्ला कोठी वाला निवासी मुजम्मिल ने बताया कि उसकी पत्नी शमा प्रवीन को फरवरी 2023 में सीएचसी में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन लापरवाही से मौत हो गई थी।
-
रिपोर्ट सीएमओ को देंगे : डॉ. अनुराग चौहान
सरसावा सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुराग चौहान सीएचसी पहुंचे। उन्होंने नर्स और परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सीएमओ ने सीएचसी पर पहुंचने के निर्देश दिए थे। जांच करने के बाद ही नर्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।