सहारनपुर में मिशन कंपाउंड में कपड़ा कारोबारी के घर लाखों रुपए की चोरी हो गई। नेपाली नौकर ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जो सीसीटीवी कैमरे में दो लोगों के साथ जाते हुए दिखाई दे रहा है। सूचना पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। चोरी करीब 10 लाख की बताई जा रही है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मिशन कंपाउंड में कपड़ा कारोबारी दुर्गेश ग्रोवर का मकान है। देर रात उनके मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया गया। घटना के वक्त वो पानीपत में किसी रिश्तेदार की बर्थडे पार्टी में गए हुए थे। जब रात एक बजे घर लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और नेपाली नौकर बहादुर गायब था।
यह भी पढ़ें: मेरठ: कुत्तों के झुंड ने मासूम को नोंचा, बच्ची की हालत देख कांप जाएगी रूह
परिवार के लोगों ने घर का सामान चेक किया तो जेवरात और कुछ नकदी भी गायब थी। पड़ताल में पता लगा कि चोर करीब 10 लाख के सामान पर हाथ साफ कर गए हैं। घर के बराबर में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में नेपाली नौकर दो लोगों के साथ जाते हुए दिखाई दे रहा है।
दुर्गेश ग्रोवर का कहना है कि नेपाली नौकर ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।