Saharanpur News: नानौता निवासी हर्ष सिसोदिया गाजियाबाद के आरकेजीआईटी में पढ़ाई कर रहा था। वहां उसने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। डीन को लिखित में रैगिंग की शिकायत दी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित आरके गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) के हॉस्टल में शुक्रवार सुबह बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 18 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजनों ने कॉलेज में रैगिंग होने की आशंका जताई है। एसीपी ने जांच कराने की बात कही है।
विज्ञापन
Trending Videos
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि हर्ष सिसोदिया पुत्र अरविंद सिसोदिया निवासी कस्बा नानौता जिला सहारनपुर कॉलेज के हॉस्टल में रहकर बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसके दोस्तों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हर्ष मोबाइल पर बात करते हुए तेजी से अपने कमरे से निकला। इसके बाद वह दूसरे टॉवर में स्थित मालवीय भवन हॉस्टल की छत पर पहुंच गया। वहां से उसने छठी मंजिल से छलांग लगा दी।
सूचना मिलने पर गुलधर पुलिस मौके पर पहुंची। दोस्तों की मदद से घायल छात्र को तत्काल यशोदा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पंचनामे की कार्रवाई की। पुलिस शव का मेडिकल परीक्षण कराना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने इंकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर सहारनपुर स्थित अपने घर रवाना हो गए। एसीपी के मुताबिक, परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
छात्रों पर रैगिंग का आरोप, डीन से शिकायत
मृतक छात्र के पिता अर्जुन सिसोदिया ने आरकेजीआईटी के डीन हरि गोपाल गर्ग व प्रबंधक वीसी शर्मा को लिखित शिकायत दी है। पीड़ित पिता का आरोप है कि पांच नवंबर को उनके बेटे के साथ कॉलेज के ही सात-आठ छात्रों ने रैगिंग की थी। इससे परेशान होकर उनके बेटे हर्ष सिसोदिया ने हॉस्टल की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली। डीन और प्रबंधक ने उनकी शिकायत पर लिखित जांच का आश्वासन दिया है।
पिता हैं पत्रकार, मां टीचर, एमटेक कर रहा बड़ा भाई
हर्ष सिसोदिया की मौत से परिवार सदमे में है। बृहस्पतिवार रात करीब सवा नौ बजे पिता अरविंद सिसोदिया की बेटे हर्ष से आखिरी बातचीत हुई थी। उस समय पिता को अंदाजा भी नहीं था कि बेटे की परेशानी इतनी गंभीर हो सकती है।
हर्ष नानौता में देवबंद रोड निवासी थे। पिता अरविंद सिसोदिया पत्रकार हैं और देवबंद रोड पर उनकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान भी है। मां नीतू सिंह नानौता के किसान सेवन इंटर कॉलेज में प्राइवेट शिक्षिका हैं। परिवार में हर्ष छोटा बेटा था। उसका बड़ा भाई आयुष गलगोटिया विश्वविद्यालय से एमटेक की पढ़ाई कर रहा है। हर्ष ने इसी साल जुलाई में गाजियाबाद के कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। वह दीपावली पर घर आने वाला था। शुक्रवार दोपहर बाद हर्ष का शव घर लाया गया। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।
ये बोले एसीपी
परिजनों ने छात्र के शव का मेडिकल परीक्षण कराने से इंकार कर दिया है, पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी है। पीड़ित पिता ने छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगाया है, टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। - जियाउद्दीन अहमद, एसीपी नंदग्राम
कॉलेज का बयान
मामले में उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। इसमें जो दोषी होंगे, कार्रवाई की जाएगी। छात्र अपने एक साथी के साथ शुक्रवार को कार में बाहर गया था। जहां उनकी कार से हादसा हो गया था। छात्र को शनिवार सुबह 10 बजे गुलधर चौकी लेकर जाना था। इस संबंध में परिवार को भी सूचना दी गई थी। इस बीच यह हादसा हो गया। - एचजी गर्ग, डीन छात्र कल्याण, आरकेजीआईटी