तीतरों थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में हुई प्रियंका की हत्या में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्याकांड को उसके प्रेमी रोहित उर्फ बुद्धू ने अंजाम दिया था। प्रियंका किसी दूसरे युवक से बात करती थी, जो उसके प्रेमी को पसंद नहीं था। इसलिए मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 29 अक्तूबर को गांव माधोपुर निवासी प्रियंका का शव उसी के घर में मिला था। शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। प्रियंका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मुंह दबाकर सांस रोकने से हत्या किया जाना सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। कई लोगों से पूछताछ की गई।
इस दौरान परिवार के सदस्यों से पूछताछ में रोहित उर्फ बुद्धू का नाम सामने आया। पुलिस को पता चला कि आरोपी घटना वाले दिन प्रियंका के घर आया था। दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक सचिन पूनिया ने टीम के साथ नानौता-तीतरों मार्ग से रोहित उर्फ बुद्धू निवासी माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया। प्रियंका का पति रामफल शामली में नौकरी करता है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहित और प्रियंका के बीच करीब आठ साल से बातचीत थी। कई बार ब्याज पर रुपये लेकर प्रियंका को दिए। आरोपी रोहित ने बताया कि अब प्रियंका किसी अन्य युवक से बातचीत करने लगी थी। उसे कई बार समझाया और बात करने से मना किया। इसके बावजूद उसने बात नहीं मानी। 29 अक्तूबर को प्रियंका के घर पहुंचा। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। प्रियंका ने साफ कह दिया था कि वह अब उससे बात नहीं करेगी। यह बात उसे बर्दाश्त नहीं हुई। उसने प्रियंका का मुंह दबाकर हत्या कर दी। दोनों के बीच करीब तीन माह से मनमुटाव चल रहा था।
ये भी देखें...
सहारनपुर: रिटायर्ड सीओ और इंस्पेक्टर को 20 साल की सजा, ढाई माह की गर्भवती से किया था सामूहिक दुष्कर्म