थाना कुतुबशेर क्षेत्र में गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर की दीवार पर 1984 के दंगों और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या से संबंधित विवादित बैनर लगाने का मामला सामने आया है। इसमें पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कुछ अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच रही है।
उप निरीक्षक अमित कुमार रविवार को क्षेत्र में शांति व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से दो फोटो भेजे। बताया गया कि गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर की दीवार पर एक फ्लैक्सी बोर्ड पर लगाया गया है। इसमें वर्ष 1984 के दंगों और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या से संबंधित फोटो के साथ सिख समुदाय के लोगों के फोटो लगाए गए हैं। बैनर पर सिखों की शहादत से संबंधित टिप्पणी भी लिखी गई है।
यह पता लगते ही उप निरीक्षक अमित कुमार पुलिस टीम के साथ गुरुद्वारे पहुंचे और संगत में शामिल लोगों को बैनर की फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई। पूछताछ में बैनर लगाने के मामले में रणजीत अखाड़ा से जुड़े कुलवीर उर्फ राणा (प्रशिक्षक), प्रवेंद्र सिंह उर्फ बॉबी (अध्यापक), अमन गुरी उर्फ चुप्पा और लूरी के नाम सामने आए।
पुलिस ने बताया कि बैनर पर प्रदर्शित फोटो और टिप्पणी से आमजन के बीच धार्मिक भावनाएं खराब होने की आशंका है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक शशांक गिरि ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार को नामजद किया है। इस मामले में कुछ अज्ञात भी शामिल हैं, उनकी भी पहचान की जा रही है।
ये भी देखें...
सहारनपुर: आकाश आनंद बोले- भाजपा-कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू, अखिलेश भ्रमित; नकुड़ से बसपा प्रत्याशी घोषित