ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पिता और बेटा गंभीर
नानौता क्षेत्र में भी एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुत्री और नवजात के साथ नानौता जा रहे बाइक सवार को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे 27 वर्षीय पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतका के पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सहारनपुर अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर आरोपी चालक को ट्रक सहित कब्जे में ले लिया।
देवबंद रोड पर हुआ हादसा
थाना बड़गांव निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री शिव कुमार राणा मंगलवार को शाम करीब चार बजे अपनी पुत्री डोली और उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र को बाइक पर लेकर नानौता किसी काम से आ रहे थे। बाइक सवार ट्रैक्टर मिस्त्री जैसे ही नानौता क्षेत्र में देवबंद रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों नीचे गिर गए और महिला को ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक महिला के पिता शिवकुमार राणा व पुत्र गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सहारनपुर ले गए।
उधर, घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना के बाद चालक ट्रक सहित मौके से भाग गया। वहीं पुलिस ने पीछा करते हुए ट्रक सहित चालक को हिरासत में ले लिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई है। आरोपी चालक व ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।