कांग्रेस छोड़कर सपा में जाने को लेकर बुलाई बैठक में अत्यधिक भीड़ एकत्र करने के आरोप में पूर्व विधायक इमरान मसूद व सहारनपुर देहात विधानसभा से विधायक मसूद अख्तर एवं दस नामजद सहित 300 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने चुनाव आचार संहिता और कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन में थाना कुतुबशेर में मामला दर्ज किया।
एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लगी है। इसके साथ ही शासन ने कोरोना गाइडलाइन भी जारी की है। थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर पीयूष दीक्षित सोमवार की दोपहर गाइडलाइन का पालन कराने के लिए क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने अंबाला रोड पर पाया कि पूर्व विधायक इमरान मसूद के आवास पर भीड़ लगी है और बिना अनुमति बैठक चल रही है। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग व कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन हो रहा है। दो गज की दूरी का पालन नहीं हो रहा था और लोग बिना मास्क के बैठक में शामिल थे। मामले की जानकारी इंस्पेक्टर ने उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर इमरान मसूद व विधायक मसूद अख्तर सहित दस नामजद व 300 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: जावेद हबीब की माफी को बताया ड्रामा: ब्यूटीशियन पूजा बोली- सजा दिलाकर ही लूंगी दम, पश्चिमी यूपी में बढ़ रहा आक्रोश
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
एसपी सिटी ने बताया कि पूर्व विधायक इमरान मसूद, विधायक मसूद अख्तर, शादान मसूद, ओमपाल सिंह, चौधरी इरशाद, उमेश त्यागी, विवेककांत, सुखविंद्र शर्मा, जबर सिंह, गुलफाम अंसारी को नामजद किया गया है। इनके सहित 300 अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, इमरान मसूद के जुड़वा भाई नोमान मसूद ने बसपा का दामन थामा है। गाजियाबाद में बसपा में शामिल हुए हैं। तीन माह पहले नोमान मसूद ने रालोद की सदस्यता ग्रहण की थी।
यह भी पढ़ें: कौन है जावेद हबीब: लंदन तक पहुंचे... पर अपने ही इलाके में फंस गए, थामा था भाजपा का दामन, खूब प्रसिद्ध है परिवार