यूपी बीजेपी ने देर रात जिला अध्यक्षों की घोषणा की। पार्टी ने सहारनपुर में अजीत सिंह राणा के साथ ठाकुर बिरादरी पर दांव खेला और शामली में रामजी लाल कश्यप को दूसरी बार जिले की कमान सौंपकर पिछड़ी जातियों को साधने की कोशिश की है।
सहारनपुर। भाजपा महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति के करीब 11 महीने बाद पार्टी ने जिलाध्यक्ष की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अजीत सिंह राणा को पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाया है। जिलाध्यक्ष पद को लेकर पिछले 11 महीना से जारी अटकलों का दौरा बृहस्पतिवार की रात को थम गया। पार्टी ने सहारनपुर के नए जिलाध्यक्ष की घोषणा की। अभी तक महेंद्र सिंह सैनी ही जिला अध्यक्ष के तौर पर पार्टी और संगठन की कमान संभाल हुए थे।
भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार देर रात जिलाध्यक्षों की सूची जारी करते हुए बुटराड़ी गांव निवासी पूर्व जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप को एक बार फिर शामली का जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया। उनके नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया।
जिलाध्यक्ष पद को लेकर पिछले करीब 11 माह से अटकलें चल रही थीं। इस पद के लिए जिले में 80 से अधिक दावेदारों ने नामांकन किया था और सूची लखनऊ भेजी गई थी। मंडल अध्यक्षों की घोषणा लंबित रहने और संगठनात्मक फेरबदल के चलते जिलाध्यक्ष की घोषणा टलती रही। दो दिन पूर्व विभिन्न मंडलों में अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद जिलाध्यक्ष के नाम पर अंतिम मुहर लगी।
रामजी लाल कश्यप इससे पहले वर्ष 2013 में भी भाजपा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। वे पूर्व में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव और सामाजिक पकड़ को देखते हुए दोबारा जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रामजी लाल कश्यप को जिला अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने जिले में पिछड़ी जातियों को साधने का स्पष्ट संदेश दिया है। शामली, थानाभवन और कैराना विधानसभा क्षेत्रों में कश्यप समाज के मतदाताओं की प्रभावशाली संख्या मानी जाती है और वे चुनावी समीकरणों में अहम भूमिका निभाते हैं।
यह बोले नवनियुक्त जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष घोषित होने के बाद रामजी लाल कश्यप ने कहा कि वे संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष समेत कई थे लाइन में
जिलाध्यक्ष की दौड़ में रामजीलाल के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष तेजेंद्र सिंह निर्वाल, पुनीत द्विवेदी समेत 80 लोग थे ।
जिला बनने के बाद शामली में भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची
शामली को जिला बनने के बाद से अब तक भारतीय जनता पार्टी के निम्न नेता जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं—
उल्लेखनीय है कि रामजीलाल कश्यप को दोबारा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे वे जिले में दूसरी बार इस पद पर काबिज हुए हैं।
जल्द क्षेत्रीय अध्यक्ष की भी होगी घोषणा
क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया हैं। अब भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद जल्द ही क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा भी होने की उम्मीद है , जिसकी तैयारी पार्टी हाईकमान ने शुरू कर दी है । मोहित बेनीवाल भी पूर्व में क्षेत्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं अब देखना यह है कि किसे क्षेत्रीय अध्यक्ष की कमान दी जाती है।