क्रिकेटर वासु को सम्मानित करते ग्रीन फील्ड एकेडमी के प्रबंधक
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर) । आस्ट्रेलिया में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत कर लौटी भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप के खिलाड़ी वासु वत्स को नगर के ग्रीन फील्ड एकेडमी में भव्य स्वागत समारोह के दौरान ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने वासु वत्स के साथ नृत्य कर खुशी का इजहार किया।
नगर के ओलरा रोड स्थित ग्रीन फील्ड एकेडमी के प्रांगण में विद्यालय के मैनेजमेंट, छात्र छात्राओं व सभी शिक्षकों के द्वारा अभी हाल ही में आस्ट्रेलिया में अंडर- 19 वर्ल्ड कप जीतकर आई भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19 के खिलाड़ी व ग्रीन फील्ड एकेडमी के पूर्व छात्र वासु वत्स के एकेडमी में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। एकेडमी प्रबंधक दिनेश पुंडीर व प्रधानाचार्य कुमुद पुंडीर ने शुभकामनाएं देते हुए क्रिकेटर वासु वत्स की माता नीरज लता व पिता सुनील कुमार, कोच विनय कुमार को शॉल ओढ़ाका व ट्राफी देकर सम्मानित किया। क्रिकेटर वासु वत्स के विद्यालय पहुंचने पर सभी छात्र उत्साह से लबरेज दिखाई दिए। इस दौरान छात्रों ने देश भक्ति गाने चक दे इंडिया और जय हो पर डांस भी किया। प्रधानाचार्य कुमुद पुंडीर ने विश्वामित्र क्रिकेट एकेडमी की सेक्रेटरी पूनम शर्मा व प्रिंसिपल जया कंडवाल को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वासु वत्स ने बताया कि अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप एक एज ग्रुप क्रिकेट है। हर खिलाड़ी का सपना इसमें खेलने का होता है, हम जीतने के लिए गए थे और जीत कर ही लौटे। इस अवसर पर फहीम खान, रुही खान, सोनिका त्यागी, पारुल पुंडीर, जमीर अब्बास आदि रहे।