नकुड़ (सहारनपुर)। खनन सामग्री से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के पोल की तान को तोड़कर दुकान में घुस गया। इससे दुकान की छत गिर गई और उसके ऊपर बना कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर दी।
कस्बे होली चौक निकट टाबर रोड पर साजिद की बढ़ई की दुकान और उसके ऊपर आवास बना हुआ है। शनिवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे एक ट्रक उसकी दुकान की दीवार तोड़कर घुस गया। इससे दुकान की छत गिर गई और दुकान और उसके ऊपर बने कमरे की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई। साजिद ने बताया ट्रक की टक्कर से पूरा मकान हिल गया। गनीमत रही कि पूरा परिवार पीछे के कमरे में सो रहा था। दुकान में ट्रक घुसने से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया और छत के मलबे के नीचे दबकर उसकी बाइक, रंदा मशीन आदि सामान भी टूट गया। साजिद ने परिचित को फोन कर लकड़ी की सीढ़ी मंगवाई और उसके जरिये नीचे उतरकर आया। तब तक ट्रक चालक भाग गया। ट्रक की चपेट में आकर बराबर में ज्ञान प्रकाश की दुकान का शटर और सुरेंद्र चौहान की दुकानों के बाहर लगाकर टीन शेड टूट गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।