सहारनपुर। कोरोना संक्रमण शहरी क्षेत्र के साथ देहात में तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार को आई कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट यही बयां कर रही है। 272 संक्रमितों में 60 से ज्यादा लोग देहात क्षेत्र के शामिल हैं। हाल ही में पंचायत चुनाव संपन्न हुआ है। जिसमें लोगों ने खूब लापरवाही बरती। इसी का नतीजा बढ़ते संक्रमण के रूप में सामने आ रहा है।
दरअसल, पंचायत चुनाव के दौरान तमाम नेताओं ने प्रचार में ताकत लगाई। गांव दर गांव जनसंपर्क किया और बैठकों का दौर चला। चुनाव प्रचार के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। इसके अतिरिक्त मतदान वाले दिन भी कोविड गाइडलाइन का खुला उल्लंघन हुआ। मतदान केंद्रों पर भीड़ रही और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया।
अब शुक्रवार को कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट सामने आई तो उसमें जिलेभर के 272 लोग संक्रमित मिले। खास बात यह है कि इनमें 65 लोग ऐसे हैं, जो गांवों के रहने वाले हैं। इनमें गदरहेड़ी के तीन, भाटखेड़ी गांव के छह, जड़ौदा जट में चार, सांपला में चार, रंदौड़ में तीन, टोडरपुर में दो समेत बहुत से गांवों में एक-एक संक्रमित मिले हैं। वहीं, शनिवार को 310 लोग जिलेभर में संक्रमित मिले, जिनमें 56 लोग ग्रामीण क्षेत्र के शामिल हैं। इनमें बलियाखेड़ी के चार, फतेहपुर कलां के चार, घाटहेड़ा में सात लोगों समेत किसी गांव में एक तो किसी गांव में दो लोग संक्रमित मिले हैं। गांवों में कोरोना संक्रमित मिलने से इतना साफ है कि वहां भी जमकर लापरवाही की जा रही है। हालांकि शासन की स्पष्ट गाइडलाइन है कि मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।