तीतरो (सहारनपुर)। अंकल, हमारे गांव में कोल्हू पर कुछ लोग कच्ची शराब बनाकर लोगों को बेचते हैं। इससे मेरे परिवार के भी सदस्यों को भी कच्ची शराब की लत लग गई है। इस कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। हो सके तो इस पर रोक लगा दो।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में आयोजित नारी शक्ति कार्यक्रम के दौरान तीतरों पुलिस के उपनिरीक्षक व महिला कांस्टेबल जब स्कूली बालिकाओं को सशक्तिकरण पर प्रदेश सरकार की महिला उत्थान की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहे थे, तभी एक 12 वर्षीय छात्रा ने यह समस्या उनके सामने रखकर सभी को चौंका दिया। उसने बताया कि उसके गांव डुभर किशनपुर में खड़लाना मार्ग स्थित कई कोल्हुओं पर कच्ची शराब की कसीदगी की जाती है। कुछ पुलिसकर्मी भी इस काम में मिले हुए है। उसने बताया कि कच्ची शराब के इस धंधे के कारण कई परिवारों के लोगों को शराब की लत लग गई है।
बालिका की समस्या पर उपनिरीक्षक ने इस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, सीओ गंगोह चंद्रपाल शर्मा का कहना है कि यदि ऐसा है तो मामला गंभीर है। वह मामले की जानकारी कर कच्ची शराब की कसीदगी पर पूरी तरह पाबंदी लगाने का काम करेंगे। यदि जांच में विभागीय मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।