गंगोह। अल्ट्रासाउंड सेंटरों में नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहारनपुर रोड स्थित विराट अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही अन्य सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया और वह अपने सेंटर बंद कर चले गए।
शनिवार को मेरठ से पहुंचे नोडल अधिकारी डॉ. कपिल देव के नेतृत्व में टीम विराट अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंची। टीम ने वहां पंजीकरण, दस्तावेजों और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान सेंटर संचालक के साथ डॉक्टर और टेक्नीशियन मौके पर मौजूद नहीं मिले। अधिकारियों ने उनकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए सेंटर की व्यवस्थाओं और संचालन से जुड़े बिंदुओं की जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों को कई अनियमितताएं मिलने के बाद सेंटर को सील किया गया। टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों में भी हड़कंप मच गया। बताया गया कि कुछ संचालक अपने सेंटर बंद कर मौके से चले गए। इससे क्षेत्र में काफी देर तक हलचल बनी रही। नोडल अधिकारी डॉ. कपिल देव ने बताया कि अनियमितता मिलने पर सेंटर को सील किया गया है। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां कार्रवाई की जाएगी।