अभी कोई हंगरी में तो कोई पोलैंड में फंसा
सांपला खत्री निवासी साजिद ने बताया कि उनका बेटा राशिद पोलीवाला एमबीबीएस का छात्र है। अभी वह 40 छात्रों के जत्थे के साथ हंगरी में हैं। वहीं, यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित यूनिवर्सिटी में मेडिकल कोर्स कर रही भायला निवासी मदन की पुत्री रीति फिलहाल पोलैंड शहर में है।
पिता मदन ने बताया कि उनकी सुबह ही बेटी से बात हुई थी। शायद आज या कल रात में उनकी फ्लाइट है। सभी छात्रों के परिजन उनके सकुशल भारत लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: वतन वापसी की जद्दोजहद: मानसी व श्वेता ने बयां किया नवीन की मौत के दौरान खारकीव का मंजर, दहशत के बीच आज लौटेंगे कई छात्र
यूक्रेन से लौट रहे छात्रों के घर जाकर हालचाल जान रहे अधिकारी
यूक्रेन से लौट रहे भारतीय छात्रों से प्रशासनिक अधिकारी उनके घर जाकर हालचाल जानने में जुट गए हैं। बुधवार को एसडीएम दीपक कुमार ने पनियाली कासिमपुर में अंजलि सिंह के पिता गंगा सिंह से ताजा हालात की जानकारी ली। गंगा सिंह ने एसडीएम को बताया कि अंजलि सिंह लवीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। अभी वह रोमानिया में बने सेल्टर हाउस में है। जहां उसके खाने पीने का प्रबंध एंबेसी द्वारा किया जा रहा है। गुरुवार की रात में उसकी फ्लाइट है। वहीं, तहसीलदार सुरेंद्र प्रताप यादव ने फुलास अकबपुर जाकर मो. हुसैन, अजमल और देवबंद के मोहल्ला लहसवाड़ा अबुबकर आदि के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। मो. हुसैन यूक्रेन की इवानो सिटी, अजमल व अबुबकर यूजोहार्ड यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन से लौट रहे सभी छात्र सुरक्षित हैं। उनके खाने पीने का इंतजाम सही तरीके से किया जा रहा है।