सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के पेंशन के आवेदन पत्रों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और सभी दिव्यांगजनों को यूडीआईडी (यूनिक दिव्यांगता पहचान कार्ड) कार्ड बनाए जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि परिवहन निगम की बसों में आरक्षित सीट पर दिव्यांगजन के आने पर तत्काल उन्हें उपलब्ध कराई जाए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला दिव्यांग बंधु समिति, जिला अनुश्रवण समिति, जिला प्रबंध समिति आदि की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजन के लिए शासन से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्रों को मिले। चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। बैंकों से समन्वय स्थापित कर दिव्यांगजनों को दुकानों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अभय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 1485 नए लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। यूडीआईडी कार्ड के लिए जनपद में 11073 आवेदन किए गए जिनमें से 6334 बन गए हैं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, एसपी ट्रैफिक प्रेम चन्द, जिला उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद और सभी खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।